राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की महिला बाइक टीम “यशस्विनी” को रविवार को अलबर्ट हाल से झंडी दिखाकर गुजरात में एकता नगर स्थित स्थित स्टेचू ऑफ यूनिटी की यात्रा के लिए रवाना किया। सीआरपीएफ की यह महिला बाइक टीम “एकता और समावेशिता” के संदेश के साथ 5 अक्टूबर को सिलॉन्ग और श्रीनगर से भारत यात्रा पर निकली है।
राज्यपाल श्री मिश्र ने इस अवसर पर आयोजित समारोह में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की महिला बाइक दल की बहादुरी और राष्ट्र के प्रति जज्बे की सराहना करते हुए राष्ट्रीय एकता और सद्भाव की इस यात्रा को महती बताया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा देश की आंतरिक सुरक्षा के साथ इस तरह के अभियानों से महिला सशक्तिकरण के संदेश का प्रसार अनुकरणीय है। उन्होंने श्रीनगर के लालचौक और सिलोंग से जयपुर पहुंची महिला बाइक दल की यात्रा के अनुभव सुनकर इसे महिलाओं के अदम्य साहस की प्रतीक यात्रा बताया।
राज्यपाल ने कहा कि केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल का यह महिला बाइक दल “यशस्विनी” नई पीढ़ी को प्रेरणा देने वाला है। उन्होंने बाइक दल को आगे की यात्रा के लिए शुभकामनाएं दी।
इससे पहले केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के राजस्थान क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक श्री विक्रम सहगल ने सीआरपीएफ के आजादी के अमृत महोत्सव पर आयोजित होने वाले इस तरह के महिला साहसिकता अभियानों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने महिला बाइक दल के भारत यात्रा पर अलग अलग स्थानों से निकली सदस्यों के बारे में भी जानकारी दी।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra