राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने राजस्थान में कोरोना के बढ़ते केस और इस बीमारी से हो रही मौतों पर गहरी चिंता जताई है। पन्द्रह अगस्त को राज्यपाल श्री कलराज मिश्र से मिलने आये मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत से प्रदेश में कोरोना वैश्विक महामारी के बढ़ते एक्टिव केस पर हुई चर्चा के दौरान भी राज्यपाल ने गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कोरोना की रोकथाम के लिए किये जा रहे प्रयासों पर मुख्यमंत्री को बल देने के लिए कहा था।
इससे पहले भी राज्यपाल श्री मिश्र मुख्यमंत्री श्री गहलोत से राज्य में फैल रही इस महामारी पर लगातार वार्ता करते रहे हैं। बुधवार को राज्यपाल श्री मिश्र ने प्रदेश में बढ़ती इस महामारी की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों के बारे में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य मंत्री डाॅ. रघु शर्मा से चर्चा की।
राज्यपाल ने कहा कि मंगलवार को प्रदेश में 1347 नए केस मिलना और इस बीमारी से ग्यारह लोगों की मौत बेहद ही चिंता का विषय है। श्री मिश्र ने डाॅ. शर्मा से कहा कि प्रदेश में कोरोना की रोकथाम के लिए नये सिरे से रणनीति बनाई जाये।
राज्यपाल श्री मिश्र ने जयपुर जिले के कलक्टर श्री अंतर सिंह से भी दूरभाष पर वार्ता कर जयपुर में पहली बार कोरोना के 247 केस मिलने पर चिंता व्यक्त की। राज्यपाल श्री मिश्र ने जिला कलक्टर को जिले में कोरोना की रोकथाम के लिए किये जा रहे प्रयासों की समीक्षा करने के निर्देश दिये।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra