राज्यपाल श्री कलराज मिश्र शनिवार को दीपावली के पावन पर्व पर शहर में जगह—जगह पर की गयी विशेष रोशनी को देखने राजभवन से निकले। उन्होंने जगह—जगह गाड़ी रुकवाकर कोई डेढ़ घंटे तक शहर में की गयी दिवाली की जग—मग रोशनी को मुग्ध मन से निहारा।
उन्होंने कहा कि दीपावली रोशनी का पावन पर्व है। यह हमें अंधकार से प्रकाश की ओर गमन करने की सीख देने वाला त्योहार है।
राज्यपाल श्री मिश्र राजभवन चौराहे से होते हुए पहले बाईस गोदाम, स्टेच्यू सर्किल, एम.आई. रोड होते हुए पांच बत्ती पहुंचे। वहां कुछ देर ठहर कर उन्होंने दीपावली पर की गयी तरह—तरह की लाइटिंग को देखा। बाद में यहां से वह अजमेरी गेट, किशनपोल बाजार, छोटी चौपड़, त्रिपोलिया, चौड़ा रास्ता, जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़ आदि से रामनिवास बाग होते हुए जेडीए सर्किल और आस—पास की गयी रात्रि रोशनी को निहारा। मार्ग में उन्होंने कई स्थानों पर गाड़ी रुकवाकर घरों और व्यावसायिक संस्थानों पर की गयी रोशनी का अवलोकन किया। रामबाग होते हुए वह जवाहरलाल नेहरू की राह से गौरव टावर, वर्ल्ड ट्रेड पार्क और जवाहर सर्किल होते हुए पत्रिका गेट आदि पर पहुंचे। वह यहां कुछ देर ठहरे। इन स्थानों पर की गयी विशेष रोशनी को भी गाड़ी रुकवाकर उन्होंने विशेष रूप से देखा और उसकी सराहना की।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra