राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा है कि योग लोगों को जोड़ता है। योग और योगाभ्यास की दैनिक जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका होती है। श्री मिश्र ने योग दिवस पर राज भवन के उद्यान में आसन की विभिन्न क्रियाएं की। उन्होंने एक घंटे तक योगिक क्रियाएं की। उन्होंने बताया कि वे प्रत्येक दिन योग करते हैं। प्रत्येक योगिक क्रिया के बाद ओउम मंत्र का जाप करते हैं। योग की समाप्ति पर विश्ब कल्याण के लिए राज्यपाल प्रतिदिन प्रार्थना भी करते हैं।
श्री मिश्र ने कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा का एक अमूल्य उपहार है। यह मानसिक और शारीरिक एकता का प्रतीक है। मनुष्य और प्रकृति के बीच भी योग सामंजस्य बनाता है। हमारी बदलती जीवन-शैली में योग चेतना बनकर, हमें जलवायु परिवर्तन से निपटने में भी मदद कर सकता है।
कोरोना वैश्विक महामारी के इस दौर में योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। हमें प्रकृति से जुड़े रहना है और प्रकृति की प्रगति के साथ जीना है। कोरोना महामारी को योग और यौगिक क्रियाओं से हम मात दे सकते हैं।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra