राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने देश के ख्यातिनाम मूर्तिकार, पदमश्री श्री अर्जुन प्रजापति के आकस्मिक निधन पर गहरी संवेदना व्यक्त की है।
राज्यपाल ने अपने शोक संदेश में कहा है कि स्व. श्री प्रजापति ने राजस्थान की कला-संस्कृति को अपनी मूर्तिकला में गहरे से जिया है। उन्होंने स्व. प्रजापति की बणीठणी, देश के महापुरूषों और प्रेरणा देने वाले व्यक्तित्वों की कलाकृतियां की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मूर्तिकला जीवंत शिल्प का अप्रतिम उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि स्व. प्रजापति का मूर्तिशिल्प भारतीय कला को महती देन है।
राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि स्व. प्रजापति का असमय बिछोह व्यक्तिशः उनके लिए अत्यन्त वेदनाकारी हैं। राजस्थान के कला जगत के लिए उनका असामयिक निधन अपूरणीय क्षति है।
राज्यपाल ने ईश्वर से स्व. प्रजापति की आत्मा को शांति प्रदान करने और उनके परिजनों को यह भारी दुःख सहने करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की है।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra