सूचना और प्रसारण मंत्रालय की मोबाइल वैन को राज्यपाल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत ‘आइडिया वॉल’ पर राज्यपाल ने किए हस्ताक्षर
संवैधानिक मूल्यों के प्रति संकल्पित रहते सशक्त, संपन्न और आत्मनिर्भर भारत का करें निर्माण—राज्यपाल
राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने शुक्रवार को सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत निर्मित ‘आइडिया वॉल’ पर हस्ताक्षर किए। इस दौरान उन्होंने संवैधानिक मूल्यों के प्रति संकल्पित रहते सशक्त, संपन्न और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में सहभागी बनने का आह्वान किया।
आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो द्वारा ‘आइडिया वॉल’ निर्मित किए जाने के साथ ही आजादी आंदोलन से जुड़े सेनानियों और घटनाओं पर केन्द्रित 15 स्टैंड मिनी मोबाइल प्रदर्शनी की पहल की गयी है।
‘आइडिया वॉल’ पर प्रदेश के 75 गणमान्य व्यक्तियों द्वारा नये भारत के निर्माण के लिए विचार और सुझाव लिखने की शुक्रवार को राजभवन में राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने शुरुआत की। इस दौरान उन्होंने स्वाधीनता के अमर सेनानियों और आजादी के संघर्ष से जुड़ी घटनाओं का स्मरण करते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति आदर और सम्मान व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि देश के स्वाधीनता सेनानियों के बलिदान और आजादी आंदोलन से जुड़ी घटनाओं को याद कराने वाला ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ नए भारत के निर्माण में सभी को सहभागी बनने की प्रेरणा देने वाला है।
प्रादेशिक लोक संपर्क ब्यूरो की निदेशक ऋतु शुक्ला और अपर महानिदेशक प्रज्ञा पालीवाल गौड़ ने इस अवसर पर बताया कि आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत ‘आइडिया वॉल’ पर गणमान्य व्यक्तियों के विचार और सुझाव एकत्र कर 75 चुनिन्दा सुझाव सूचना और प्रसारण मंत्रालय को भेजे जाएंगे।
इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव श्री सुबीर कुमार भी उपस्थित थे।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra