राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने कहा है कि स्काउट गाइड संगठन को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के दर्शन और विचारों का प्रसार करने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि गांधी जी के विचारों से नई पीढ़ी को जोड़ने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि गांधी दर्शन के अंतर्गत आचार व्यवहार की शुद्धता, गरीब बस्तियों में कार्य, स्वच्छता आदि में इस संगठन की अग्रणी भूमिका हो।
राज्यपाल एवं राजस्थान राज्य भारत स्काउट व गाइड संस्था के मुख्य संरक्षक श्री मिश्र बुधवार को यहां राजभवन में संस्था के नए पदाधिकारियों से मुलाकात के बाद सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि संस्था को राज्य के प्रत्येक विद्यालय में स्काउट-गाइड इकाई स्थापित करने का लक्ष्य लेकर कार्य करना चाहिए ताकि व्यावहारिक रूप में इसका लाभ सभी स्तरों पर मिल सके। साथ ही, जनजातीय क्षेत्र में भी स्काउट-गाइड इकाइयां बनाने के प्रयास किए जाने चाहिए।
राज्यपाल ने कहा कि स्काउट गाइड सेवाभावी संगठन है। आपदाओं के समय सदा ही इस संगठन ने महती भूमिका निभाई है। अनुशासन, समर्पण, सेवाभाव यह तीन इस संगठन के मूल मंत्र हैं। उन्होंने कहा कि मेले, भीड़ भाड़ वाले स्थानों पर स्काउट गाइड लोगों को सहभागी बनाते हुए कार्य करें, ताकि आमजन में भी जिम्मेदारी की भावना विकसित हो सके। उन्होंने कहा कि स्काउट गाइड संस्था को खेलों के विकास और फिट इंडिया अभियान में कैसे प्रभावी भूमिका निभा सकें, इस पर भी विचार करना चाहिए।

Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra
