राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने गणतन्त्र दिवस पर बुधवार को राजभवन में संविधान पार्क एवं अन्य कार्यों के निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर राज्यपाल श्री मिश्र, मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत एवं विधानसभाध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी को आर्किटेक्ट श्री अनूप बरतरिया ने संविधान पार्क के प्रस्तावित स्वरूप के बारे में जानकारी दी।
जयपुर विकास प्राधिकरण द्वारा बनाए जा रहे संविधान पार्क में चरखा कातते राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की वह प्रतिमा विशेष आकर्षण के रूप में प्रदर्शित की जाएगी, जिसने आजादी के आंदोलन में चरखे के जरिए स्वेदशी के आदर्श को जीवंत किया था। एक अन्य वीथी में महाराणा प्रताप व उनके घोड़े चेतक की मूर्ति प्रदर्शित की जाएगी। भारत गौरव स्वामी विवेकानन्द की प्रतिमा भी कलाकारों द्वारा निर्मित कर यहां लगाई जाएगी। भारतीय संविधान और उससे जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रम की याद दिलाने के लिए 45 शिल्प संविधान पार्क में प्रदर्शित किए जाएंगे।
संविधान समिति के गठन, संविधान के निर्माण और इसे लागू किए जाने से सम्बन्धित महत्वपूर्ण ऐतिहासिक घटनाक्रम और संसद में इस सम्बन्ध में हुई कार्यवाही को भी चित्रों एवं मूर्ति शिल्प के जरिए संविधान पार्क में जीवंत किया जाएगा। संविधान के 22 भागों के बारे में जानकारी भी यहां रोचक तरीके से प्रस्तुत की जाएगी।
इस अवसर पर लोकायुक्त न्यायमूर्ति श्री प्रताप कृष्ण लोहरा, सांसद श्री रामचरण बोहरा, जयपुर नगर निगम ग्रेटर की महापौर श्रीमती शील धाबाई, मुख्य सचिव श्री निरंजन आर्य, पुलिस महानिदेशक श्री एम.एल. लाठर, राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री सुबीर कुमार, नगरीय विकास एवं आवासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव श्री कुंजीलाल मीणा, राज्यपाल के प्रमुख विशेषाधिकारी श्री गोविन्द राम जायसवाल, स्वायत्त शासन विभाग के शासन सचिव श्री जोगाराम, जेडीए आयुक्त श्री गौरव गोयल सहित प्रशासनिक अधिकारी, राजभवन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra