राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने राज्य के 6 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के कार्यकाल समाप्त होने को देखते हुए नवीन कुलपति नियुक्त होने तक वहां का अतिरिक्त प्रभार दिए जाने के आदेश जारी किए हैं।
राज्यपाल श्री मिश्र द्वारा जारी आदेशों के अंतर्गत स्वामी केशवानंद राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार राजस्थान पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान विश्वविद्यालय, बीकानेर के कुलपति डॉ सतीश गर्ग को, कृषि विश्वविद्यालय, जोधपुर के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार जयनारायण व्यास विश्वविद्यालय जोधपुर के कुलपति प्रो. कन्हैया लाल श्रीवास्तव को, वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार कोटा विश्वविद्यालय, कोटा की कुलपति प्रो. नीलिमा सिंह को दिए जाने के आदेश जारी किए गए हैं।
इसी तरह उन्होंने जगदगुरु रामानंदाचार्य संस्कृत विश्वविद्यालय जयपुर के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार हरिदेव जोशी पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय , जयपुर की कुलपति प्रो.सुधि राजीव को , महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय उदयपुर के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार गोविंद गुरु जनजातीय विश्वविद्यालय, बांसवाड़ा के कुलपति
प्रो. आई वी त्रिवेदी को एवं कृषि विश्वविद्यालय कोटा के कुलपति का अतिरिक्त कार्यभार कोटा विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. नीलिमा सिंह को दिए जाने के आदेश जारी किए हैं। राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने विश्वविद्यालयों के कुलपतियों के अतिरिक्त कार्यभार के यह आदेश राज्य सरकार की सलाह से जारी किए हैं।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra