Thursday , 21 May 2026

लदाख में विकास की प्रक्रिया से आया सकारात्मक बदलाव

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने शुक्रवार को लदाख को संघ शासित प्रदेश बनाए जाने के बाद वहां आये सकारात्मक बदलाव के संदर्भ में पत्र सूचना कार्यालय द्वारा कराई गई पत्रकार यात्रा के दल से मुलाकात की। यात्रा में समिल्लित पत्रकारों के अनुभव सुनते हुए उन्होंने कहा कि लदाख में विकास की प्रक्रिया सही मायने में इस समय ही प्रारम्भ हुईं है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य के विकास के साथ वहां सड़को के विस्तार में आये विशेष बदलाव से लदाख तेजी से देश के दूसरे भागों के और अधिक निकट आएगा।
राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि सेना और आम जन के सामंजस्य से विकास के जो कार्य वहां हो रहे हैं, उनसे भविष्य में वहां नए आयाम स्थापित होंगे। उन्होंने कहा कि तीन वर्षों में लदाख में कृषि, पर्यटन और अन्य विभिन्न क्षेत्रों के हुए विकास को मीडिया के करिए अधिकाधिक पहुंचाया जाना चाहिए। उन्होंने इस संबंध में पत्र सूचना कार्यालय, जयपुर द्वारा कराई गई पत्रकार यात्रा को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लदाख के यह पत्रकार अनुभव जब प्रकाशित, प्रसारित होंगे तो भारत के दूसरे हिस्सों से भी सकारात्मक संदेश जाएगा।
पत्र सूचना कार्यालय के महानिदेशक श्री सत्येंद्र प्रकाश ने बताया कि लदाख और सुदूरवर्ती क्षेत्रों में विकास की संभावनाओं को इस तरह की यात्राओं से अधिकाधिक उजागर किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही कश्मीर की भी इसी तरह की यात्रा करवाई जाएगी। क्षेत्रीय निदेशक ऋतु शुक्ला ने लदाख यात्रा में सम्मलित पत्रकारों का परिचय कराया।
यात्रा में सम्मिलित पत्रकार दल ने अपने अनुभव सुनाते हुए बताया कि संघ शासित प्रदेश बनने के बाद लदाख में तेजी से बदलाव आ रहा है। वहां सड़क, बिजली और इंटरनेट की सुविधाओं का विस्तार हुआ है। लदाख के लोगों में देशप्रेम है। एक पत्रकार ने वहां कृषि में हुए बदलाव की चर्चा करते हुए बताया कि कारगिल में 15 मेट्रिक टन सेव का उत्पादन हुआ है।
दो कूबड़ वाले ऊंट और सिल्क रुट के लिए भी महती कार्य हो रहा है।
पत्रकार दल ने सेना और नागरिकों के बेहतरीन समन्वय और सेना द्वारा चलाये जा रहे सद्भावना कार्यक्रम को महती बताया। स्विटरजलेंड की तर्ज पर वहां पर्यटन विकास और साहसिक पर्यटन के अंतर्गत हुए कार्यों को भी पत्रकार दल ने रेखांकित किया।

Check Also

एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण

राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …