Wednesday , 10 June 2026

आपदा ही नहीं सामान्य परिस्थितियों में भी प्रभावी सेवा कार्य करे रेडक्रॉस

इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी की समीक्षा बैठक आयोजित

आपदा ही नहीं सामान्य परिस्थितियों में भी प्रभावी सेवा कार्य करे रेडक्रॉस – राज्यपाल

टीबी मुक्त भारत मिशन से रेडक्रॉस को जोड़ने के दिए निर्देश

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने कहा है कि आपदा के समय में ही नहीं बल्कि सामान्य परिस्थितियों में भी सेवा एवं सहायता गतिविधियों के प्रभावी संचालन के लिए रेडक्रॉस सोसायटी तैयार करना होगा। उन्होंने इसके लिए रेडक्रॉस सोसायटी को जमीनी स्तर से लेकर प्रदेश स्तर तक और अधिक गतिशील बनाने का आह्वान किया है।

राज्यपाल श्री मिश्र बुधवार को यहां राजभवन में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, राजस्थान शाखा के अध्यक्ष के तौर पर समीक्षा बैठक में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि रेडक्रॉस सोसायटी को राष्ट्रीय अभियानों में भी अपनी प्रभावी भूमिका निभानी चाहिए। देश को टीबी मुक्त बनाने के लिए देशभर में टीबी मुक्त भारत मिशन चलाया जा रहा है, जिसको सफल बनाने के लिए रेडक्रॉस को सक्रियता से इसके साथ जुड़ना चाहिए। राज्यपाल ने बारां, चित्तौड़गढ़, प्रतापगढ़, झालावाड़, राजसमंद, टोंक, सिरोही और दौसा जिला कलक्टरों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद किया और निर्देश दिए कि एक माह के अंदर निर्धारित प्रक्रिया पूरी करते हुए
रेडक्रॉस को अधिकाधिक सक्रिय करें। उन्होंने रेडक्रॉस की प्रदेश इकाई के लिए भी मार्च माह तक निर्वाचन प्रक्रिया सम्पन्न कर कार्यकारिणी गठन करने के निर्देश दिए।

राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि राजभवन की पहल पर हाल में रेड क्रॉस सोसायटी की जिला इकाइयों का पुनर्गठन हुआ है और इसकी शाखाओं में भी विस्तार हुआ है, जो सराहनीय है। उन्होंने कहा कि थैलीसीमिया, कैंसर, एनीमिया जैसी गंभीर बीमारियों के उपचार एवं इनसे बचाव के लिए जन जागरुकता बढ़ाने का कार्य भी रेडक्रॉस के स्तर पर किया जाना चाहिए। राज्यपाल ने संगठन के सदस्यता अभियान को भी रफ्तार देने के निर्देश दिए।

राज्यपाल के प्रमुख सचिव श्री सुबीर कुमार ने अपने सम्बोधन में संगठन की गतिविधियों मे तेजी लाने के लिए गम्भीरता से कार्य किए जाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालयों में रेडक्रॉस के साथ एमओयू के बाद अब वहां विद्यार्थियों को जोड़ते हुए रक्तदान शिविर, प्रशिक्षण वर्गों आदि का अधिकाधिक आयोजन किया जाना चाहिए।

राज्यपाल के प्रमुख विशेषाधिकारी श्री गोविन्दराम जायसवाल ने समीक्षा बैठक के दौरान रेडक्रॉस सोसायटी राजस्थान की आय बढ़ाने और सुदृढ़ीकरण के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। उन्होंने जिला इकाइयों के स्तर पर परिवहन कार्यालयों से सम्पर्क कर ड्राइविंग लाइसेंस आवेदकों के लिए फर्स्ट एड प्रशिक्षण प्रदान किए जाने का सुझाव भी दिया।

इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, राजस्थान शाखा के प्रशासक श्री सुधीर कुमार शर्मा ने प्रगति प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए सोसायटी की राज्य एवं जिला इकाइयों की गतिविधियों तथा क्रियाकलापों के बारे में जानकारी दी।

समीक्षा बैठक में इंडियन रेडक्रॉस सोसायटी, राजस्थान शाखा के पदाधिकारी और राजभवन के अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Check Also

एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण

राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …