राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने शनिवार को राजभवन में सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ पुलिस सिक्योरिटी एंड क्रिमिनल जस्टिस, जोधपुर द्वारा प्रकाशित बाल तस्करी और बाल श्रम पुलिस हैंड बुक, भारत और संयुक्त राष्ट्र के आलोक में बदलते संदर्भ और विश्वविद्यालय की तीन वर्ष की उपलब्धियों और किए प्रमुख कार्यों पर प्रकाशित तीन महत्वपूर्ण पुस्तकों का लोकार्पण किया।
राज्यपाल श्री मिश्र ने इस दौरान कहा कि पुलिस आंतरिक सुरक्षा के साथ अपराध अन्वेषण की जिस संस्कृति से जुड़ी है, उसको इन पुस्तकों से गहरे से समझा जा सकता है। उन्होंने विश्वविद्यालय द्वारा किए जाने वाले शोध और अनुसंधान का व्यापक जन हित में अधिकाधिक प्रसार किए जाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि संयुक्त राष्ट्र की भारत के साथ संबंधों पर विश्वविद्यालय ने पहल करते हुए अनुकरणीय प्रकाशन किया है। इसे पाठकों तक पहुंचाने के लिए भी अधिकाधिक प्रयास होने चाहिए।
इस अवसर पर सरदार पटेल यूनिवर्सिटी ऑफ पुलिस सिक्योरिटी एंड क्रिमिनल जस्टिस, जोधपुर के कुलपति श्री आलोक त्रिपाठी ने लोकार्पित पुस्तकों और पुलिस विश्वविद्यालय की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख विशेषाधिकारी श्री गोविंद राम जायसवाल और विश्वविद्यालय के आचार्य उपस्थित रहे।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra