Thursday , 21 May 2026

राज्य के मुख्य सूचना आयुक्त श्री डी.बी. गुप्ता ने की राज्यपाल श्री मिश्र से मुलाकात

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र से शुक्रवार को राजभवन में मुख्य सूचना आयुक्त श्री डीबी गुप्ता ने मुलाकात की। उन्होंने इस दौरान राज्यपाल श्री मिश्र को सूचना आयोग द्वारा जनहित में त्वरित किए जा रहे कार्यों के बारे में विस्तार से बताया।

राज्यपाल श्री मिश्र ने सूचना आयोग द्वारा लंबित प्रकरणों के त्वरित निपटारे, विशिष्ट कैम्प लगाकर आम जन को राहत प्रदान करने के निर्णयों की सराहना की।

राज्यपाल श्री मिश्र को मुख्य सूचना आयुक्त श्री डी.बी.गुप्ता ने बताया कि राज्य सूचना आयोग द्वारा विशिष्ट अदालत शिविरों में सूचना से जुड़े प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त कोर्ट लगाने के साथ राज्य सूचना आयोग ने न्यायालय संबंधी डाक जैसे नोटिस, समन और निर्णय आदि संबंधित व्यक्ति को स्पीड पोस्ट से भिजवाने की भी पहल की है। उन्होंने बताया कि जन हित में आयोग परिसर में विशिष्ट अदालत शिविर भी लगाए जा रहे हैं। आयोग द्वारा ऑनलाइन शिकायत लेने की व्यवस्था भी विशेष रूप से प्रारम्भ की गई है।
इससे आमजन को बेहद राहत मिल रही है। उन्होंने बताया कि आयोग को प्रतिमाह 1 हजार से ज्यादा अपील और शिकायतें मिल रही हैं। आयोग प्रतिमाह 1675 मामलों के निस्तारण कर रहा है, जो कि अपने आप में कीर्तिमान है।

मुख्य सूचना आयुक्त श्री गुप्ता के साथ सूचना आयुक्त श्री राजेन्द्र प्रसाद बरवार, श्री लक्ष्मण सिंह राठौड एवं सुश्री षीतल धनखड़ ने भी राज्यपाल से मुलाकात की।

Check Also

एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण

राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …