राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने कहा है कि ब्राह्मण समाज सदैव सर्व कल्याण की सोच रखते हुए समाज में सकारात्मक चेतना के लिए कार्य करता है । उन्होंने ब्राह्मण समाज से सामाजिक कुरीतियों और भेदभाव से मुक्त समाज और राष्ट्र के विकास में अपनी महती भूमिका निभाने का आह्वान किया है।
श्री मिश्र भगवान परशुराम जयंती के उपलक्ष में शुक्रवार को यहां सप्त ऋषि मंडल द्वारा आयोजित ब्राह्मण स्नेह मिलन समारोह में सम्बोधित कर रहे थे। राज्यपाल श्री मिश्र ने विधिवत मंत्रोच्चार के बीच भगवान परशुराम की मूर्ति पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
राज्यपाल ने कहा कि ब्राह्मण भारतीय संस्कृति की गौरवशाली परम्परा का संवाहक है। वह सभी प्राणियों के सुख और समृद्धि की कामना करता है। उन्होंने ब्राह्मण समाज से देश और समाज की चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए जन-जन के कल्याण के लिए कार्य करने का आह्वान किया।
मोती डूंगरी गणेश मंदिर के महंत श्री कैलाश महंत ने कार्यक्रम आयोजन के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी।
राज्यपाल श्री मिश्र ने इस अवसर पर प्रतिभाशाली स्कूली बालिकाओं को छात्रवृत्ति प्रमाणपत्र भी सौंपे।
इस अवसर पर जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री महेश जोशी, सांसद श्री रामचरण बोहरा, राजस्थान समाज कल्याण बोर्ड की अध्यक्ष डॉ.अर्चना शर्मा, विप्र कल्याण बोर्ड अध्यक्ष श्री महेश शर्मा, राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड अध्यक्ष श्री हरिप्रसाद शर्मा सहित ब्राह्मण समाज से जुड़े विशिष्ट जन एवं समाज बंधु उपस्थित रहे।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra