Thursday , 21 May 2026

रोजगार सृजन एवं युवाओं के कौशल प्रशिक्षण पर रहे विशेष बल

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने बाड़मेर जिले के दो दिवसीय प्रवास के दौरान गुरुवार को सांचल फोर्ट रिसोर्ट में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जिले में संचालित की जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक के दौरान राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि समस्त अधिकारी संवेदनशील रहते हुए आमजन के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं से अधिकाधिक लोगों को लाभान्वित कर योजनाओं को सफल बनाएं। उन्होंने कौशल विकास की समीक्षा करते हुए कहा कि रोजगार सृजन के लिए युवाओं के कौशल विकास पर विशेष ध्यान देना चाहिए और प्रशिक्षण केन्द्रों का संचालन कर विभिन्न क्षेत्रों में अभिरुचि रखने वाले युवाओं को प्रशिक्षित करें। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्तर पर लघु एवं कुटीर उद्योगों हेतु प्रेरित कर रोजगार सृजन पर बल दिया जाए।

इस दौरान उन्होंने जन कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा पश्चात जिले की प्रगति पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि योजनाएं तभी सफल हो सकती है जब उन्हें निर्धारित समय सीमा में पूर्ण किया जाए, इसलिए अधिकारी विभागीय योजनाओं को निर्धारित समय में पूर्ण करने के लिए विशेष प्रयास करें।

जोधपुर संभागीय आयुक्त डॉ. राजेश शर्मा ने कहा कि क्षेत्र में युवाओं के कौशल विकास एवं रोजगार सृजन को मिशन मोड के रूप में लेकर प्रगति लाई जाएगी। बाड़मेर जिला कलक्टर श्री लोक बंधु ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना, अमृता हाट योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, सामाजिक सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, समग्र शिक्षा अभियान, मिड-डे-मील, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओं, महिला एवं बाल विकास योजनाएं, डिजिटल इंडिया, सीमांत क्षेत्र विकास कार्यक्रम सहित विभिन्न संचालित योजनाओं की प्रगति के बारे में प्रस्तुतीकरण के माधयम से जानकारी दी।

समीक्षा बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक श्री दीपक भार्गव, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मोहनदान रतनू सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Check Also

एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण

राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …