Thursday , 21 May 2026

उद्यमी सुदृढ़ अर्थव्यवस्था और खुशहाल राजस्थान के निर्माण के लिए कार्य करें

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और खुशहाल राजस्थान के निर्माण के लिए लघु एवं मध्यम उद्योगों के प्रोत्साहन के साथ नवाचार अपनाते हुए युवा स्टार्ट अप्स के लिए वातावरण बनाए जाने का आह्वान किया है ।

राज्यपाल श्री मिश्र बुधवार को मेरिएट होटल में वाणिज्य एवं उद्योग संगठन ‘फेडरेशन ऑफ़ राजस्थान ट्रेड एण्ड इण्डस्ट्री’ (फोर्टी) युवा इकाई के कार्यक्रम में सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राज्यों में तीव्र औद्योगिक विकास से ही देश की आर्थिक प्रगति को गति मिलती है। उन्होंने ऐसा औद्योगिक माहौल तैयार करने पर बल दिया जिससे ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं के लिए कौशल विकास, क्षमता संवर्द्धन, उद्यमिता और रोजगार के भरपूर अवसर सृजित हो सकें।

राज्यपाल ने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ के अंतर्गत स्थानीय उत्पादों में गुणवत्ता वृद्धि, अच्छी पैकेजिंग और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से प्रभावी विपणन पर बल दिया जाए, तो भारत निश्चित ही विश्व का सबसे बड़ा मैन्युफैक्चरिंग हब बन कर उभरेगा। उन्होने महिलाओं के स्वामित्व वाले व्यवसायों को बढ़ावा देने के लिए भी कार्य किए जाने की आवश्यकता जताई। उन्होंने कहा कि स्थानीय महिलाओं के बनाए उत्पादों को डिजिटल तकनीक के जरिए कैसे विश्व बाजार तक पहुंचाया जाए और कैसे महिला उद्यमिता को हर स्तर पर बढ़ावा मिले इसके लिए कार्य किया जाए।

राज्यपाल श्री मिश्र ने कोविड के दौर से अर्थव्यवस्था को निकालने के लिए आर्थिक राष्ट्रवाद पर बल दिया। उन्होंने कहा कि अर्थतंत्र, श्रमशक्ति और पूंजी-निर्माण पर घरेलू नियंत्रण इस समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि लघु, अति लघु तथा मध्यम उद्योगों के विकास से ही ‘आत्मनिर्भर भारत’ का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को आधुनिक बनाते हुए वैश्विक बाजार तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि फोर्टी सहित वाणिज्यिक संगठनों को परम्परागत रूप से हस्तशिल्प से जुड़े गांवों को सूचीबद्ध कर यहां के स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध करवाने की पहल करनी चाहिए।

विधायक श्री सतीश पूनिया ने देश की एकता, अखण्डता और प्रगति के लिए युवाओं से पूर्ण निष्ठा और लगन से कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रदेश की तरक्की के लिए समन्वित और दूरदर्शी प्रयास किए जाने पर बल दिया।

ब्राह्मण महासभा के संरक्षक श्री एच.सी.गणेशिया ने कहा कि युवाओं को संविधान की मूल भावना और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने के लिए राज्यपाल श्री मिश्र की पहल पर महती कार्य किया जा रहा है।

आरम्भ में राज्यपाल श्री मिश्र ने कार्यक्रम में संविधान की उद्देश्यिका और मूल कर्तव्यों का वाचन करवाया।

सुप्रसिद्ध पार्श्व गायक श्री रवीन्द्र उपाध्याय ने कार्यक्रम में समधुर प्रस्तुति दी।

फोर्टी अध्यक्ष श्री सुरेश अग्रवाल ने अपने संबोधन मे संगठन की सामाजिक गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम में फोर्टी युवा इकाई के राज्य अध्यक्ष श्री धीरेंद्र राघव सहित संस्था के पदाधिकारी, उद्यमी तथा गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Check Also

एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण

राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …