Thursday , 21 May 2026

राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु 3 जनवरी को राजभवन में संविधान उद्यान का लोकार्पण करेंगी संवैधानिक जागरूकता के लिए राज्यपाल श्री कलराज मिश्र की अभिनव पहल राजभवन में बनकर तैयार हुआ संविधान पार्क

राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु राजभवन में नवनिर्मित संविधान उद्यान एवं इससे जुड़े सौंदर्यीकरण कार्यों का 3 जनवरी, मंगलवार को लोकार्पण करेंगी। राष्ट्रपति श्रीमती मुर्मु राजभवन में कथौड़ी एवं सहरिया आदिवासी समूहों के साथ संवाद भी करेंगी।
राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु मंगलवार प्रातः 11.20 बजे यहां स्थापित मयूर स्तम्भ, फ्लैग पोस्ट, गांधी प्रतिमा एवं महाराणा प्रताप की अपने घोड़े चेतक के साथ विश्रान्ति मुद्रा में स्थापित प्रतिमा का अवलोकन करेंगी। इसके पश्चात वे संविधान पार्क का लोकार्पण एवं अवलोकन करेंगी। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी, नगरीय विकास एवं आवासन मंत्री श्री शांति धारीवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्यजन शिरकत करेंगे।
राज्यपाल श्री कलराज मिश्र की अभिनव पहल पर राजस्थान देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है जहां आमजन में संवैधानिक जागरुकता लाने के लिए राजभवन में संविधान उद्यान स्थापित किया गया है। उल्लेखनीय है कि राज्यपाल श्री कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सी.पी. जोशी ने 26 जनवरी 2022 को राजभवन में संविधान उद्यान का शिलान्यास किया था।
आगंतुकों से कोविड-19 प्रोटोकॉल की पालना करने और फेस मास्क लगाकर कार्यक्रम में सम्मिलित होने का अनुरोध किया गया है। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण राजभवन की आधिकारिक वेबसाइट https://rajbhawan.rajasthan.gov.in पर एवं राज्यपाल श्री कलराज मिश्र और राजभवन राजस्थान के ऑफिशियल फेसबुक पेज एवं यूट्यूब पर भी किया जाएगा ।

Check Also

एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण

राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …