Thursday , 21 May 2026

तूफान और भारी वर्षा से हताहत लोगों को त्वरित और प्रभावी सहायता के दिए निर्देश जन-धन की हानि की राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने की समीक्षा

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने बिपोर्जॉय तूफान और भारी वर्षा से राजस्थान में हुई जन-धन की हानि की समीक्षा करते हुए इससे हताहत लोगों को स्थानीय प्रशासन द्वारा त्वरित और प्रभावी सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

राज्यपाल ने बुधवार को जिला कलेक्टर जोधपुर, सिरोही, जालोर और पाली के साथ ही जोधपुर के संभागीय आयुक्त श्री कैलाश मीणा से फ़ोन पर स्वयं बात कर तूफ़ान और भारी वर्षा से हुई क्षति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने इन क्षेत्रों में भारी वर्षा और तेज चली हवाओं से हुए नुकसान पर चिंता जताते हुए राहत और बचाव के पुख्ता इंतज़ाम किए जाने की भी आवश्यकता जताई। राज्यपाल ने माउंट आबू के उपखण्ड अधिकारी से भी हालत के बारे में विशेष रूप से जानकारी ली और वहां हर सम्भव राहत के प्रभावी प्रयास करने के लिए निर्देश दिए।

राज्यपाल ने भारी वर्षा से बहुत से स्थानों पर जलभराव की गंभीर स्थिति पर चिंता जताई। उन्होंने वहां से जल निकासी के लिए त्वरित कार्यवाही किए जाने, बिजली आपूर्ति को दुरुस्त करने, लोगों को हर संभव राहत प्रदान करने के लिए कारगर उपाय किये जाने के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने जिला कलक्टरों से चक्रवाती तूफान और भारी वर्षा के दौरान बेघर हुए लोगों का विवरण प्राप्त करने, पशुधन हानि आदि के बारे में पूर्ण सर्वे कर तत्संबंधित कार्यवाही समयबद्ध करने के लिए भी विशेष रूप से निर्देश दिए हैं। उन्होंने मौसम विभाग द्वारा जारी रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट के अंतर्गत प्रदेश के अन्य स्थानों में आगामी दिनों में रहने वाली स्थितियों के बारे में भी विशेष रूप से जानकारी ली और पूर्व तैयारियों के लिए प्रभावी इंतज़ाम करने पर जोर दिया ।

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने आम लोगों से भी अपील की है कि मौसम विभाग द्वारा प्रदत्त जानकारियों, जिला प्रशासन के निर्देशों के अनुसार आशंकाओं के मुद्देनजर सजग और सतर्क रहें। तूफ़ान और भारी बारिश वाले संवेदनशील स्थानों पर विशेष सावधानी बरतें। ऐसे स्थानों पर आवागमन नियंत्रित रहे। उन्होंने भामाशाहों और स्वयंसेवी संस्थाओं से भी बचाव और राहत कार्यों में जिला प्रशासन के कार्यों में सभी तरह से सहायता करने की अपील की है।

Check Also

एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण

राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …