राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने सेवा भाव को सर्वोपरि रखते हुए जन कल्याण के कार्य करने का आह्वान किया है।
श्री मिश्र आज यहां राजभवन से रोटरी क्लब मालपुरा के राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में नव निर्मित प्रतीक्षालय के वर्चुअल लोकार्पण बाद आयोजित समारोह में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी के साथ ही रोगियों के परिजनों के लिए सुविधाओं के विस्तार में भी सभी को सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतीक्षालय के निर्माण की सराहना करते हुए रोटरी क्लब द्वारा कोरोना बचाव के लिए किए कार्यों की भी सराहना की।
राज्यपाल ने भारतीय संस्कृति की चर्चा करते हुए कहा कि विश्व कल्याण की भारतीय दृष्टि में सेवा को व्यक्ति का बड़ा धर्म बताया गया है। उन्होंने कहा कि जो दूसरों के लिए जीता है, वही जीवन सार्थक है। उन्होंने रोटरी क्लब की स्थापना और इसके द्वारा किये जा रहे मानव कल्याण कार्यों की वैश्विक पहचान से प्रेरणा लेकर सभी को कार्य करने पर भी जोर दिया। उन्होंने इस अवसर पर कोरोना से बचाव के लिए सभी नागरिकों को मास्क लगाने, दो गज की दूरी बनाए रखने और स्वछता को जीवन की आदत बनाने की भी अपील की।
राज्यपाल ने कोरोना वारियर्स रूप में कार्य करने वाले सभी अधिकारियों, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य सेवा से जुड़े चिकित्सक, कार्मिकों का भी अभिवादन करते उनकी सराहना की। इससे पहले श्री मिश्र ने संविधान उद्देशिका और मूल कर्तव्यों का वाचन करवाया। इस अवसर पर रोटरी क्लब के श्री अनिल सुराशाही, राजेन्द्र अग्रवाल और रोटरी सीताराम ने रोटरी क्लब के द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
Check Also
एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण
राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra