राज्यपाल एवं कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा है कि दूरस्थ शिक्षा के माध्यम से ऐसे रोजगारपरक पाठ्यक्रम तथा प्रोफेशनल कोर्स संचालित किए जाएं जिससे विद्यार्थी स्वावलम्बन की ओर प्रेरित हो। उन्होंने कहा कि कुशल मानव संसाधन से ही देश की आर्थिक एवं औद्योगिक प्रगति सुनिश्चित हो सकती है, इसलिए कौशल आधारित पढ़ाई आज के समय की मांग बन चुकी है।
राज्यपाल श्री मिश्र वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय, कोटा के दीक्षान्त समारोह में गुरुवार को यहां राजभवन से ऑनलाइन सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने आह्वान किया कि राज्य के सभी विश्वविद्यालय आपसी समन्वय से राष्ट्रीय शिक्षा नीति के प्रावधानों पर कार्य करें ताकि विद्यार्थियों के साथ-साथ उद्योग जगत को भी नवीन मानव संसाधन का फायदा मिल सके।
कुलाधपति ने कहा कि सूचना क्रांति और इन्टरनेट के कारण दूरस्थ शिक्षा आसान एवं प्रासंगिक हुई है। विजुअल क्लासरूम लर्निंग, इंटरैक्टिव ऑनसाइट लर्निंग और वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए विद्यार्थी घर बैठे ही बेहतर पढ़ाई कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक आधारित शिक्षण एवं ऑनलाइन शिक्षण के क्षेत्र में वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा राज्य के अन्य विश्वविद्यालयों के लिए मानक विश्वविद्यालय का कार्य करे।
राज्यपाल ने कोविड महामारी के दौरान विश्वविद्यालय द्वारा संचार प्रौद्योगिकी के बेहतर इस्तेमाल, वीएमओयू मोबाइल एप्प से पढ़ाई पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय अपने गोद लिए गांवों के विकास के लिए हर संभव प्रयास करे।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra