Thursday , 21 May 2026

नवाचारों के समावेश से ही प्रभावी होगी शिक्षा- राज्यपाल

सुखाड़िया विश्वविद्यालय का दीक्षांत समारोह आयोजित
देवेंद्र झाझरिया एवं लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को डी लिट की मानद उपाधि
नवाचारों के समावेश से ही प्रभावी होगी शिक्षा- राज्यपाल

कुलाधिपति एवं राज्यपाल श्री कलराज मिश्र ने कहा है कि विश्वविद्यालय शिक्षण में नवाचारों का संवाहक बनें। उन्होंने कहा कि आज के दौर में शिक्षा में नवाचार किए जाने की आवश्यकता है, जिससे विद्यार्थियों में पढ़ाए जाने वाले विषय के प्रति उत्साह जागृत हो सके और पढ़ाई के समय विद्यार्थी नवचेतना का संचरण महसूस कर सके।

राज्यपाल श्री मिश्र मंगलवार को मोहनलाल सुखाड़िया विश्वविद्यालय, उदयपुर के 30 वें दीक्षांत समारोह के अवसर पर विश्वविद्यालय के विवेकानंद सभागार में संबोधित कर रहे थे । कुलाधिपति ने इस अवसर पर 107 गोल्ड मेडल और 187 पीएचडी डिग्रियों का वितरण किया। भारतीय पैरालंपिक खिलाड़ी देवेंद्र झाझरिया एवं पूर्व राजपरिवार के सदस्य लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ को डॉक्टर ऑफ लिटरेचर (डी लिट) की मानद उपाधि प्रदान की गई।

राज्यपाल ने कहा कि ज्ञान विज्ञान और दर्शन के माध्यम से व्यक्तित्व का संस्कार ही शिक्षा का मूल होना चाहिए। शिक्षण संस्थाओं में इसी को केंद्र में रखकर आज कार्य करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सूचना एवं जानकारियां महत्वपूर्ण है लेकिन यह व्यक्ति को यांत्रिक अधिक बनाती है। बौद्धिक रूप से संपन्न ज्ञान जब तक संवेदनशीलता से प्रेषित नहीं किया जाएगा तब तक उस ज्ञान का महत्व नहीं होगा।

राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि विज्ञान और तकनीक के इस युग में सूचना प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक इस्तेमाल करना होगा। हमें ऐसे शैक्षिक मॉडल तैयार करने होंगे जो नई शिक्षा नीति की प्राथमिकताओं को पूरा करने वाले हो और अधिक से अधिक लोगों तक संप्रेषित होते हो।

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय वर्धा के पूर्व कुलपति प्रोफेसर गिरीश्वर मिश्रा ने ‘ज्ञान की संस्कृति‘ विषय पर अपना उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक अपनी उस भूमिका का निर्वहन करें जिसमें डिजिटल माध्यम और पारंपरिक माध्यमों के सम्मिश्रण से नई सोच का जन्म होता है।

दीक्षांत समारोह की शुरुआत में कुलपति प्रोफेसर आईवी त्रिवेदी ने सभी अतिथियों का स्वागत करते हुए विश्वविद्यालय की साल भर की गतिविधियों एवं उपलब्धियों की जानकारी दी
दीक्षांत समारोह के पश्चात राज्यपाल मिश्र ने कॉलेज ऑफ आर्किटेक्चर के नए भवन का उद्घाटन किया। इसके साथ ही इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग की वर्कशॉप व लेबोरेट्री और स्पोर्ट्स एकेडमी भवन का शिलान्यास भी किया ।

Check Also

एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण

राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …