Thursday , 21 May 2026

राज्यपाल से मीना समाज के प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात

राज्यपाल श्री कलराज मिश्र से बुधवार को राजभवन में अखिल भारतीय मीना समाज के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जय मीनेश आदिवासी विश्वविद्यालय का अनुमोदन कर आदिवासी समाज को सौगात देने के लिए राज्यपाल श्री मिश्र का आभार प्रकट करते हुए उनका अभिनंदन किया।

राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि शिक्षा की दृष्टि से आदिवासी समाज को अधिकाधिक अवसर मिलने चाहिए। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह विश्वविद्यालय अध्ययन, अध्यापन और शोध का आदर्श केन्द्र बनकर उभरेगा। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय को नई शिक्षा नीति के अंतर्गत ऐसे पाठ्यक्रमों का निर्माण करना चाहिए जो विद्यार्थियों को स्वावलम्बी और आत्मविश्वास से युक्त बना सकें।

राज्यपाल को जब बताया गया कि जय मीनेश आदिवासी विश्वविद्यालय में भी संविधान उद्यान का निर्माण किया जाएगा तो उन्होंने इसकी सराहना की। उन्होंने कहा कि मूलभूत अधिकारों की बात तो सभी करते हैं, लेकिन संवैधानिक कर्तव्यों के बारे में भी लोगों को जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान की मूल प्रति भारतीयता से ओत-प्रोत है। इसमें भगवान राम, कृष्ण, बुद्ध सहित भारतीय संस्कृति से जुड़े चित्रों का सुंदर समावेश है। राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि संविधान की इस संस्कृति से युवाओं को जोड़ने के लिए ही राज्य वित्त पोषित विश्वविद्यालयों और राजभवन में संविधान उद्यान का निर्माण करवाया गया है।

इस अवसर पर राज्यपाल के प्रमुख विशेषाधिकारी श्री गोविन्दराम जायसवाल, अखिल भारतीय श्री मीना सामाजिक एवं शैक्षणिक समिति, कोटाके निदेशक श्री आर.डी. मीना सहित सहित समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।

Check Also

एम.बी.एम. विश्वविद्यालय का प्रथम दीक्षांत समारोह आयोजित प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं को नवाचारों से जोड़ते हुए शोध की मौलिक भारतीय दृष्टि से संपन्न करे – राज्यपाल संविधान स्तम्भ का किया लोकार्पण

राज्यपाल और कुलाधिपति श्री कलराज मिश्र ने कहा कि प्रौद्योगिकी शिक्षा के तहत विश्वविद्यालय युवाओं …