राज्यपाल श्री कलराज मिश्र से राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय, कोटा के कुलपति प्रो. आर. ए. गुप्ता ने शनिवार को यहां राजभवन में मुलाकात की। राज्यपाल को प्रो. गुप्ता ने मुलाकात के दौरान राजस्थान तकनीकी विश्वविद्यालय की ओर से राज्यपाल राहत कोष के लिए इक्यावन लाख रुपए राशि का चेक सौंपा।
राज्यपाल श्री मिश्र ने राज्यपाल राहत कोष में आर्थिक सहयोग के लिए प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के सहयोग से राहत कोष और सशक्त होगा और इससे अधिकाधिक जरूरतमन्दों को लाभान्वित करने में मदद मिलेगी।
राज्यपाल श्री मिश्र ने कहा कि ऐसे जरूरतमंद लोग जिनको किसी अन्य प्रकार की सहायता उपलब्ध नहीं हो पा रही है, उनको भी इस कोष के माध्यम से लाभान्वित करने के लिए इसका दायरा व्यापक किया गया है। उल्लेखनीय है कि कोरोना पीड़ितों की मदद के लिए राज्यपाल राहत कोष से मुख्यमंत्री राहत कोष को 2 करोड़ रुपए का सहयोग दिया गया। अन्य स्तरों पर भी पूर्ण पारदर्शिता के साथ पात्र जरूरतमंदों की सहायता के लिए कोष का समुचित सदुपयोग किया गया है।
Kalraj Mishra Official Website of Kalraj Mishra